जम्मू-कश्मीर में हाल के दिनों में हुई आतंकी घटनाओं ने देश में सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता पैदा कर दी है. मोदी सरकार ने आतंकवादियों पर नकेल कसने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। इस क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों के अफसरों के साथ हाई लेवल मीटिंग की। शाह ने बैठक में आतंकवाद की गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाने की नीति (जीरो टेरर प्लान) को लागू करने का निर्देश दिया।
आतंकियों पर नकेल कसने की तैयारी
शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी नीत सरकार नए तरीकों से आतंकवादियों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है. सूत्रों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में हाल में हुए आतंकवादी हमलों के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बुलाई गई एक उच्चस्तरीय बैठक में गृह मंत्री ने अधिकारियों से ये बातें कहीं। शाह ने 29 जून से शुरू होने जा रही वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की.
अमित शाह ने दिए सख्त निर्देश
सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और आने वाले दिनों में सुरक्षाबल वहां आतंकवाद रोधी अभियान तेज कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार चलाया जाएगा। शाह ने यहां नॉर्थ ब्लॉक में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. इससे तीन दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसी मुद्दे पर एक बैठक की थी, जिसमें उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिया था।
Read Also : बच्चों के लिए आई बड़ी खबर…भीषण गर्मी के कारण छत्तीसगढ़ में बढ़ा दी गई स्कूलों की छुट्टियां, अब इस तारीख तक स्कूल रहेंगे बंद
आतंकवाद रोधी अभियानों पर चर्चा
आतंकवादियों ने 11 जून को भद्रवाह में राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की संयुक्त चौकी पर गोलीबारी की थी. आतंकवादियों ने 12 जून को डोडा जिले के गंडोह क्षेत्र में एक तलाशी दल पर हमला किया था, जिसमें एक पुलिसकर्मी सहित सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे. इन हमलों के मद्देनजर प्रधानमंत्री मोदी ने 13 जून को गृह मंत्री के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती तथा आतंकवाद रोधी अभियानों पर चर्चा की।
Read Also : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर पर एनडीए की बैठक
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से भी वार्ता की थी और केंद्र शासित प्रदेश की स्थिति के बारे में जानकारी ली थी. ये घटनाएं दक्षिण कश्मीर हिमालय में अमरनाथ गुफा मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा से पहले हुई हैं. यह यात्रा 29 जून से शुरू होने वाली है और 19 अगस्त तक जारी रहेगी. अमरनाथ के लिए तीर्थयात्री जम्मू कश्मीर में दो मार्गों-बालटाल और पहलगाम से यात्रा करते हैं।




