डोंगरगढ़। कोरोना काल में सुरक्षा कारणों से बंद की गई लोकल मेमू और डेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 15 जुलाई से इन ट्रेनों को चरणबद्ध रूप से बहाल करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और कार्यालयीन कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। दुर्ग, राजनांदगांव, गोंदिया, कटंगी, रायपुर, डोंगरगढ़ और बालाघाट जैसे छोटे-बड़े स्टेशनों से यात्रा करने वालों के लिए यह सुविधा अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
राधिका मर्चेंट और अनंत अंबानी का विवाह बना भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक
लोकल ट्रेन सेवाएं बंद होने से यात्रियों को रोजाना सफर में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। खासकर वे लोग जो कम दूरी की यात्रा के लिए सस्ती और सुविधाजनक साधन की तलाश में रहते हैं, उन्हें इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद संतोष पांडेय ने ट्रेन सेवाओं की बहाली को यात्रियों के लिए “सुखद समाचार” बताया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद ट्रेनों का बंद होना जनसामान्य के लिए एक बड़ी समस्या बन गई थी। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर उन्होंने लगातार केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से संपर्क किया और जून माह में हुई मंडल स्तरीय बैठक में भी लोकल ट्रेनों की पुनर्बहाली की मांग प्रमुखता से उठाई थी।
सांसद पांडेय ने कहा, “रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों की सकारात्मक सोच और त्वरित निर्णय क्षमता के कारण यह मांग पूरी हुई है। मैं इसके लिए सभी यात्रियों की ओर से आभार प्रकट करता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”
रेलवे द्वारा अभी केवल सीमित मार्गों पर ट्रेनें शुरू की जा रही हैं, लेकिन जल्द ही अन्य मार्गों पर भी सेवाएं बहाल करने की संभावना जताई गई है। रेलवे विभाग द्वारा टाइम टेबल और रूट की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।




