भोपाल। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट को 11 नए न्यायाधीश मिल गए हैं। राष्ट्रपति द्वारा इनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई है, जिसकी जानकारी केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। जल्द ही इन नवनियुक्त न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इन नई नियुक्तियों के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है, जबकि स्वीकृत पदों की कुल संख्या 53 है। वर्तमान में कोर्ट में 34 जज कार्यरत हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि नए न्यायाधीशों की तैनाती से लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे में तेजी आएगी।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर हुई नियुक्ति
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पिछले महीने न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारियों को पदोन्नत करने और कुछ वरिष्ठ अधिवक्ताओं को हाईकोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद केंद्रीय कानून मंत्रालय ने इन नियुक्तियों को लेकर अधिसूचना जारी की।
इन अधिवक्ताओं को बनाया गया न्यायाधीश:
- पुष्पेंद्र यादव – जबलपुर
- जय कुमार पिल्लई – जबलपुर
- आनंद सिंह बहरावत – इंदौर
- हिमांशु जोशी – इंदौर
- अजय निरंकारी – ग्वालियर
न्यायिक सेवा कोटे से नियुक्त न्यायाधीश:
- रामकुमार चौबे
- राजेश कुमार गुप्ता
- आलोक अवस्थी – प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जबलपुर
- रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन
- भगवती प्रसाद शर्मा
-
प्रदीप मित्तल




