शिलॉन्ग। मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी सोनम रघुवंशी ने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। सोहरा उप-मंडल के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ने याचिका पर सुनवाई के लिए 17 सितंबर की तारीख तय की है।
अतिरिक्त लोक अभियोजक तुषार चंद्रा ने बताया कि याचिका शुक्रवार को दायर की गई, लेकिन अभियोजन पक्ष ने केस रिकॉर्ड की जांच के लिए समय मांगा है। सोनम के वकील ने आरोप पत्र में खामियों का हवाला दिया है।
गौरतलब है कि इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या सोहरा के वेइसाडोंग इलाके की सुनसान पार्किंग में की गई थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा ने रची थी। वारदात को अंजाम तीन हत्यारों—विशाल सिंह चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी—ने दिया था।
राजा और सोनम मई में मेघालय से लापता हो गए थे। बाद में देशभर में तलाशी अभियान चला और राजा का शव बरामद हुआ। सोनम ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों को मेघालय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पिछले हफ्ते पुलिस ने सोनम, राज और तीनों हत्यारों के खिलाफ 790 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया था।




