नेशनल डेस्क। बिहार की सत्ता एक बार फिर नीतीश कुमार के हाथों में आ गई है। उन्होंने आज पटना के गांधी मैदान में दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण के इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
समारोह में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही 26 नए मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई। मंत्रिमंडल में 14 मंत्री भाजपा कोटे से, 8 जदयू से, लोजपा (रामविलास) से 2, जबकि हम और कुशवाहा की पार्टी से एक-एक विधायक को शामिल किया गया है। जदयू ने जमा खान को दोबारा मंत्री बनाते हुए कैबिनेट में एकमात्र मुस्लिम प्रतिनिधित्व बरकरार रखा है।
Read Also- बिल प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: राज्यपाल करें मंजूरी, लौटाएं या भेजें राष्ट्रपति के पास
शपथ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से गमछा लहराकर जनता का अभिवादन किया। इस कार्यक्रम में हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, उत्तर प्रदेश, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे। मंच पर चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और जे.पी. नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।
कैबिनेट में 13 नए चेहरों को मौका
नीतीश मंत्रिमंडल में इस बार 13 नए चेहरों को शामिल कर इसे युवा और विविधतापूर्ण बनाने की कोशिश की गई है। रामकृपाल यादव और अंतरराष्ट्रीय शूटर से नेता बनीं श्रेयसी सिंह को पहली बार मंत्रिपद मिला है।
लोजपा (रामविलास) के दो विधायकों को भी मंत्री बनाया गया है, जिनमें महुआ सीट से चुनाव जीतकर तेजप्रताप यादव को मात देने वाले संजय सिंह भी शामिल हैं। उनकी जीत को इस चुनाव की चर्चित घटनाओं में से एक माना गया था।




