जबलपुर। हाल ही में शुरू हुआ मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर कुछ ही दिनों में आवारा तत्वों की स्टंटबाजी और हुड़दंग का केंद्र बन गया है। बाइक और कार सवार युवक फ्लाईओवर पर खतरनाक करतब दिखाते नजर आ रहे हैं। एक बाइक पर छह-छह लोग बैठकर घूम रहे हैं, तो वहीं कई युवक कारों से हुड़दंग मचाते हुए वीडियो बना रहे हैं। इन खतरनाक हरकतों के चलते राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
स्टंटबाजी और हुड़दंग के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। गौरतलब है कि इस फ्लाईओवर का लोकार्पण 23 अगस्त को केंद्रीय भूतल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद इसे स्टंटबाजों ने ठिकाना बना लिया है।
पुलिस गश्त की कमी से बढ़ी समस्या
फ्लाईओवर पर पुलिस की नियमित गश्त न होने के कारण इस तरह की गतिविधियों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इससे न सिर्फ हादसों का खतरा बढ़ा है बल्कि शहर की साख पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन की सख्ती
नगर निगम ने फ्लाईओवर पर गंदगी फैलाने, स्टंटबाजी और अवैध ठेले लगाने वालों पर कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया है। जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अपील की है कि नागरिक इस तरह के वीडियो बनाकर महापौर हेल्पलाइन पर भेजें ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके। साथ ही फ्लाईओवर पर चाट-फुल्की बेचने वालों और गंदगी फैलाने वालों पर भी अब जुर्माने की कार्रवाई होगी।




