कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के बालीगुडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकलाडा गांव के पास सोमवार को जिला वालंटरी फोर्स (डीवीएफ) और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी माओवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में डीवीएफ जवानों ने भी मोर्चा संभाला, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद घटनास्थल से दो माओवादियों के शव बरामद किए गए। मृत माओवादियों की पहचान मनकू (एरिया कमांड मेंबर), राहुल एसी (केकेबीएन डिवीजन), और चंदन पीएम (केकेबीएन डिवीजन) के रूप में की गई है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से एक .303 राइफल और एक पिस्तौल भी बरामद की है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है और किसी भी अन्य संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




