कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पंचायत सचिव सुषमा खुसरो की हत्या की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में पति ही हत्यारा निकला। पुलिस के मुताबिक, गर्भधारण और गर्भपात को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी और फिर शव को जलाने की कोशिश की।
घटना पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड की है, जहां मृतका बांगो पंचायत में सचिव के पद पर पदस्थ थीं। सुषमा की अधजली लाश जिला जेल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से बरामद की गई थी। शुरुआत में यह मामला आत्महत्या या हादसा लग रहा था, लेकिन फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से सच्चाई सामने आई।
लव मैरिज के बाद किराए के मकान में रह रहे थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, सुषमा और आरोपी अभिनेक लदेर दोनों पंचायत सचिव थे और अनुकंपा नियुक्ति पर पदस्थ थे। ट्रेनिंग के दौरान दोस्ती हुई और दो साल पहले दोनों ने घरवालों से छुपकर लव मैरिज कर ली थी। शादी के बाद वे कोरबा के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक किराए के मकान में रह रहे थे।
एक महीने की गर्भवती थी पत्नी, नहीं चाहता था बच्चा
पुलिस जांच में यह सामने आया कि सुषमा एक माह की गर्भवती थी, लेकिन उसका पति बच्चा नहीं चाहता था। गर्भपात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। इस झगड़े ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि आरोपी पति ने सुषमा की गला दबाकर हत्या कर दी।
मां ने शव लेने से किया इनकार, दोस्तों संग किया अंतिम संस्कार
हत्या के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो सुषमा की मां ने शव लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी पति ने अपने दोस्तों की मदद से गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 5 टीमों का गठन किया गया था। करीब 65 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सघन पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।




