नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर घाना पहुंचे, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पश्चिम अफ्रीकी देश में पहली द्विपक्षीय यात्रा है। अकरा के कोटोका अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। प्रधानमंत्री मोदी को घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा द्वारा देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना से सम्मानित किया गया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर का अमेरिका दौरा: क्वाड सम्मेलन में अहम बयान
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है और वह इसे 1.4 अरब भारतीयों की ओर से विनम्रता पूर्वक स्वीकार करते हैं। उन्होंने इसे भारत के युवाओं, सांस्कृतिक विविधता और भारत-घाना के ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि घाना की धरती पर मिला गर्मजोशी भरा स्वागत उनके लिए अविस्मरणीय है। राष्ट्रपति महामा का स्वयं एयरपोर्ट पर आकर उनका स्वागत करना, विशेष सम्मान का प्रतीक है। संयुक्त वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और घाना के बीच की मित्रता साझा मूल्यों और समावेशी भविष्य के सपनों पर आधारित है। दोनों देशों का यह संबंध विश्व के अन्य देशों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा न सिर्फ भारत-घाना संबंधों को नई ऊंचाई देगी बल्कि अफ्रीकी देशों के साथ भारत की कूटनीतिक सक्रियता को भी और मजबूत बनाएगी। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष चर्चा की जाएगी।




