बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के खपरगंज इलाके में 28 अगस्त को दो पक्षों के बीच हुए विवाद, बवाल और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक पक्ष के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनका आज जुलूस भी निकाला गया।
ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मामले में एक पक्ष से अक्षय सिंह निवासी यदुनंदन नगर, अभय शर्मा उर्फ जीनू निवासी यदुनंदन नगर, मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू निवासी टिकरापारा और सतानंद साहू निवासी तिफरा को गिरफ्तार किया गया है।
अब तक 24 आरोपी गिरफ्तार
वहीं, दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी सोहैल खान समेत 17 आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। घटना में शामिल दोनों पक्षों के अब तक कुल 24 युवकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि, एक पक्ष का मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस की अलग-अलग टीम गठित
घटना में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम बनाई गई है। साथ ही सीसीटीवी और ड्रोन के फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है।
जानिए पूरा मामला
बता दें कि खपरगंज में युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इसमें तारबाहर टीआई रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज किए हैं।




