रायपुर। छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की समीक्षा को लेकर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 24 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे। इसी बीच कांग्रेस के इस मंथन पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार में भी कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया था, लेकिन जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आधारहीन दावे कर रही है और मतदाताओं में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, यह वर्षों से नियमित रूप से संचालित की जा रही है। कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है और अब जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसे बिहार की जनता ने जवाब दिया, वैसे ही अन्य राज्यों में भी परिणाम स्पष्ट होंगे।
भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 3 दिसंबर को रायपुर में होने वाला दूसरा वनडे छत्तीसगढ़ के लिए विशेष अवसर है। बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी इसे यादगार बनाएगी।
प्रदेशभर में आबकारी और डीएमएफ घोटाले से जुड़े मामलों में एसीबी-ईओडब्ल्यू की छापेमारी पर उन्होंने कहा कि जांच दोनों मामलों में पहले से जारी थी। एजेंसी कानून के अनुसार अपना कार्य कर रही है और कार्रवाई उसी प्रक्रिया का हिस्सा है।
डीजी कॉन्फ्रेंस को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ को मेजबानी का अवसर दिया है। देशभर के वरिष्ठ अधिकारी एक मंच पर जुटेंगे और आगामी कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा होगी। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक आयोजन बताया।




