दुर्ग। दुर्ग संभाग में भारतीय डाक सेवा पिछले सात दिनों से पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक होने के कारण सैकड़ों लोग राखी लेकर पोस्ट ऑफिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सेवाएं बहाल न होने से उनकी चिंता बढ़ गई है।
भारतीय डाक विभाग ने पहले ही सूचना जारी की थी कि 4 अगस्त से एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) प्रणाली की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए 30 जुलाई से 2 अगस्त तक डाक सेवाएं प्रभावित रहने की बात कही गई थी। हालांकि, तय समय बीत जाने के बावजूद अब तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, संभाग के सभी उप डाकघरों में स्पीड पोस्ट और रजिस्टर्ड पोस्ट जैसे महत्वपूर्ण कार्य ठप पड़े हुए हैं। वहीं, प्रधान डाकघर में भी कार्य बेहद धीमी गति से हो रहा है।
जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि नया वर्जन अपडेट कर दिया गया है, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण काम प्रभावित हो रहा है। फिलहाल, यह कब तक सुचारु होगा, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।




