रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह नवा रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने लोकगायिका तीजन बाई के स्वास्थ्य की जानकारी ली और सत्य साई अस्पताल में बच्चों से मुलाकात की। इसके बाद प्रधानमंत्री ब्रह्माकुमारी संस्थान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 10:45 से 11:30 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में वे आध्यात्मिकता, सकारात्मक सोच और समाज सेवा से जुड़े संदेश देंगे।
दोपहर बाद प्रधानमंत्री मोदी राज्य की नई पहचान बने विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे नवा रायपुर में बने ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन भी करेंगे, जो छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।
शाम को प्रधानमंत्री राज्योत्सव के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वे छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ पर जनता को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे राज्य के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं।
पूरा नवा रायपुर आज प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में उत्साह से सराबोर है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लोगों में अपने प्रधानमंत्री से मिलने का उत्साह चरम पर है। प्रधानमंत्री शाम 4:25 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।




