रायपुर। राजधानी रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में अवैध रूप से निर्मित भवन में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को तनाव की स्थिति बन गई। बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और धर्मांतरण की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
मेडिकल कॉलेज से एंबुलेंस चोरी का खुलासा, अस्पताल का कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड
धर्मांतरण की शिकायत के बाद विरोध
बजरंग दल के रायपुर महानगर जिला संयोजक विजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से स्थानीय कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में धर्मांतरण गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। उन्हीं शिकायतों के आधार पर आज संगठन के कार्यकर्ता विरोध दर्ज कराने पहुंचे।
पहले भी हो चुका है तोड़फोड़
विजेंद्र वर्मा ने बताया कि जिस भवन में प्रार्थना सभा संचालित की जा रही है, वह अवैध रूप से निर्मित है और रेलवे प्रशासन द्वारा पहले भी तोड़ा जा चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद मिशनरियों द्वारा पुनः अवैध निर्माण कर प्रार्थना सभाएं शुरू कर दी गई हैं, जिसमें हिंदू समुदाय के मासूम लोगों के धर्मांतरण की कोशिश की जा रही है।
पुलिस और आरपीएफ बल तैनात
विवाद की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस और आरपीएफ बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
‘रेलवे प्रशासन करे कार्रवाई’ – बजरंग दल
बजरंग दल ने स्पष्ट किया है कि भवन को तोड़ने की कार्रवाई उनकी ओर से नहीं की जा रही, बल्कि यह रेलवे प्रशासन की जिम्मेदारी है। संगठन ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन जल्द इस अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई करेगा।




