रायपुर। शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं का दिखना आम बात है, लेकिन अब इसी तरह का दृश्य मंत्रालय इंद्रावती भवन के भीतर देखने को मिला है। भवन के अंदर एक आवारा सांड के घूमने की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आवारा पशुओं का मुद्दा पहले ही हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां न्यायालयों ने राज्य सरकारों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके बावजूद मंत्रालय परिसर के भीतर इस तरह की घटना होना सुरक्षा प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है।
जानकारी के अनुसार, सांड काफी देर तक भवन के भीतर घूमता रहा, लेकिन सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे यह स्पष्ट होता है कि मंत्रालय इंद्रावती भवन की सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कमजोर है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी घटनाएं उच्च प्रशासनिक कार्यालयों की सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं।
प्रबंधन को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आवारा पशुओं की रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।




