नई दिल्ली। मंगलवार से आज तक इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने राहत देने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की है। यात्रियों की बढ़ती मांग और सीटों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए देशभर की 37 ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। इन कोचों के माध्यम से देश में 114 से अधिक अतिरिक्त ट्रिप संचालित होंगी।
रेलवे के अनुसार, दक्षिणी रेलवे ने सबसे अधिक एक्स्ट्रा कोच जोड़ते हुए 18 ट्रेनों की क्षमता बढ़ाई है। अधिक मांग वाले रूटों पर अतिरिक्त चेयर कार और स्लीपर कोच लगाए गए हैं। ये कोच 6 दिसंबर 2025 से शुरू होंगे, जिससे दक्षिणी क्षेत्र में यात्रा क्षमता में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होगी।
उत्तरी रेलवे ने भी आठ ट्रेनों में अतिरिक्त 3AC और चेयर कार कोच लगाए हैं। आज से लागू की गई इन व्यवस्थाओं से ज्यादा भीड़ वाले उत्तरी कॉरिडोर में टिकट उपलब्धता बेहतर हुई है। वहीं, पश्चिमी रेलवे ने चार से अधिक उच्च मांग वाली ट्रेनों में 3AC और 2AC कोच जोड़कर उनकी क्षमता बढ़ाई है। यह व्यवस्था 6 दिसंबर 2025 से लागू होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चार स्पेशल ट्रेनें भी चला रहा है। गोरखपुर–आनंद विहार टर्मिनल–गोरखपुर स्पेशल (05591/05592) 7 से 9 दिसंबर 2025 के बीच चार ट्रिप संचालित करेगी। नई दिल्ली–शहीद कैप्टन तुषार महाजन–नई दिल्ली रिजर्व्ड वंदे भारत स्पेशल (02439/02440) 6 दिसंबर 2025 को चलाई जाएगी।
इसके अलावा, पश्चिमी रेलवे नई दिल्ली–मुंबई सेंट्रल–नई दिल्ली रिजर्व्ड सुपरफास्ट स्पेशल (04002/04001) को 6 और 7 दिसंबर 2025 को चलाएगा। हज़रत निज़ामुद्दीन–तिरुवनंतपुरम सेंट्रल रिज़र्व्ड सुपरफास्ट स्पेशल (04080) 6 दिसंबर 2025 को एक ओर से संचालित की जाएगी।




