Khabarwaad Raipur. रायपुर के हीरापुर इलाके में मवेशियों से भरी ट्रक को पकड़ा गया है। इसमें सौ के करीब मवेशी को भरकर तस्करी की जा रही थी, जिसमें 13 मवेशियों की दम घुटने से मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार; हीरापुर के कुछ युवकों को मवेशी तस्करी की जानकारी मिली थी। इस पर उन्होंने बताए गए ट्रक की रुकवाकर जांच की तो उसमें बड़ी संख्या में मवेशी थी। इस दौरान ड्राईवर बड़ी चालाकी से मौके से फरार हो गया। युवकों ने पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी।
आमानाका थाना पुलिस ने मवेशियों को कब्जे में लेकर ट्रक जब्त कर लिया है। वहीं गाड़ी के मालिक से संपर्क करने की कोशिश में जुटी हुई है। इधर, मवेशियों की तस्करी को नाकाम करने वाले युवक तस्करों पर कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।

इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने X पर लिखा है कि “बहुत दुख हो रहा है यह दृश्य देखकर। सूचना मिली है कि रायपुर में हीरापुर के पास ग्रामीणों ने एक ट्रक पकड़ा है जिसमें लगभग 100 गायें थी। पता चला है 13 गायों की मृत्यु हो चुकी है। भाजपा की सरकार आते ही “तस्करी” और गौ माता पर अत्याचार का सिलसिला फिर शुरू हो गया। इन तस्करों के गिरोह और शासन में बैठे “गौ हत्यारों” को सामने आकर जवाब देना होगा।




