रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र में 21 नवंबर की रात 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में फरार मुख्य आरोपी सलमान उर्फ नजर को पुलिस ने शुक्रवार को भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, सलमान वार्ड नंबर 11 स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने आया था, तभी गांधीनगर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि पांजरा में मासूम के साथ दुष्कर्म करने के बाद वह जंगल के रास्ते भोपाल भाग आया था।
गांधीनगर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को गौहरगंज पुलिस के हवाले किया। गौहरगंज थाने ले जाते समय रास्ते में कीरत नगर के पास वाहन पंक्चर होने पर सलमान भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षात्मक कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तुरंत भोपाल के जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद से पूरे प्रदेश में आक्रोश था और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रदर्शन हो रहे थे। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता गांधीनगर थाने पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी को गौहरगंज पुलिस के सुपुर्द किया जा चुका था।
पीड़िता की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सातवें दिन आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आगे की जांच जारी है।




