जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक मिसाल कायम की है। जहां आमतौर पर केवल आम जनता का ही चालान काटा जाता है, वहीं यहां पुलिस विभाग ने अपने ही अधिकारियों और कर्मचारियों को भी यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जिम्मेदारी से आगे बढ़कर कार्रवाई की है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशानुसार बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 12 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का चालान काटा गया है।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को कम करने के लिए पुलिस विभाग लगातार जनता को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक कर रहा है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अधिकारी और कर्मचारी खुद नियमों का पालन करें, ताकि आम जनता में विश्वास पैदा हो कि कानून सभी के लिए समान है।
Read Also- गोद लेने वाली महिलाओं को भी मिलेगा मातृत्व अवकाश, यह उनका संवैधानिक अधिकार – हाईकोर्ट
पिछले माह चलाए गए अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कदम उठाए गए हैं। साथ ही, मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले आटो डीलरों को भी सख्ती से चेतावनी दी गई है कि वे ऐसे साइलेंसर न रखें और न ही बेचें, वरना उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस लाइन जशपुर में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 12 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से कुल 6,000 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। इससे पहले भी समय-समय पर आकस्मिक वाहन जांच अभियान के दौरान कई पुलिस कर्मचारियों का चालान काटा गया है।
Read Also- रायपुर के क्लबों में अब नहीं मिलेगी महिलाओं को फ्री एंट्री और मुफ्त शराब, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई, SSP ने जारी किया निर्देश
यातायात प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा और उनकी टीम ने 5 एवं 6 जून को जिले में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 21 प्रकरणों में 10,000 रुपए, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 3 प्रकरणों में 1 हजार 500 रुपए, मालवाहक वाहनों में अधिक सवारी बैठाने पर 4 प्रकरणों में 2,000 रुपए, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 2 प्रकरणों में 600 रुपए और अन्य 16 प्रकरणों में 5,500 रुपए समन शुल्क वसूला। कुल 45 प्रकरणों में 19,600 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने जनता से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी इस दिशा में मॉडल बनें और नियमों का कड़ाई से पालन करें ताकि आम जनता में विश्वास मजबूत हो।




