रायपुर। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहतभरी खबर है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना (PM-USP CSSS) के तहत छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 15 नवम्बर 2025 तक अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकेंगे।
छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह तिथि पहले 31 अक्टूबर 2025 निर्धारित थी, जिसे विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बढ़ाया गया है। यह छूट नवीन आवेदन तथा वर्ष 2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 के नवीनीकरण आवेदन दोनों के लिए लागू होगी।
राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर करें आवेदन
इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) की वेबसाइट www.scholarships.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और किसी भी माध्यमिक या महाविद्यालयीन विद्यार्थी के लिए सुलभ रखी गई है।
Read Also- 1 से 19 दिसंबर तक चलेगा संसद का शीतकालीन सत्र, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दी जानकारी
सत्यापन अनिवार्य, कॉलेज प्राचार्यों को निर्देश
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके आवेदन का ऑनलाइन वेरिफिकेशन निर्धारित समयसीमा के भीतर महाविद्यालय स्तर पर पूरा हो। महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों के आवेदन का प्रतिदिन सत्यापन कराकर उसे माध्यमिक शिक्षा मंडल को अग्रेषित करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
विद्यार्थियों से अपील
विभाग ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए, वे अब इस अवसर का लाभ उठाएं और अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2025 से पहले आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।




