नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कालकाजी मंदिर में शुक्रवार रात एक सेवादार की श्रद्धालुओं के साथ विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 9 से 9.30 बजे के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार, दर्शन करने आए कुछ श्रद्धालु चुन्नी और प्रसाद न मिलने पर नाराज हो गए। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सेवादार पर लाठियों और घूंसों से हमला कर दिया। घायल अवस्था में सेवादार को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो फत्तेपुर, हरदोई (उत्तर प्रदेश) का निवासी था।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस मामले में एक आरोपी अतुल पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना कालकाजी में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




