मुंबई.
बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ईथा की शूटिंग में व्यस्त थीं, लेकिन सेट पर हुए एक हादसे के कारण शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है। जानकारी के मुताबिक श्रद्धा को लावणी डांस सीक्वेंस करते समय चोट लग गई, जिससे उनके पैर की उंगली में फ्रैक्चर हो गया है।
श्रद्धा कपूर एक लावणी गाने की शूटिंग कर रही थीं, जिसमें तेज बीट्स और तेज रफ्तार वाले स्टेप्स शामिल थे। अजय-अतुल द्वारा तैयार इस गाने में उन्होंने पारंपरिक नौवारी साड़ी, भारी गहने और कमरपट्टा के साथ प्रदर्शन किया। बताया गया कि एक स्टेप के दौरान उनका पूरा वजन अचानक बाएं पैर पर आ गया, जिससे उनका बैलेंस बिगड़ गया और उन्हें फ्रैक्चर हो गया।
चोट के बाद डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने फिल्म की शूटिंग रोक दी है। हालांकि श्रद्धा ने क्लोज-अप और इमोशनल सीन्स शूट करने का सुझाव दिया था, ताकि काम की गति प्रभावित न हो। इसके तहत मुंबई के मड आइलैंड में कुछ दृश्य फिल्माए भी गए। लेकिन दर्द बढ़ने के बाद टीम को शूटिंग पूरी तरह स्थगित करनी पड़ी।
श्रद्धा कपूर को जल्द आराम की सलाह दी गई है, जिसके बाद आगे की शूटिंग का शेड्यूल तय किया जाएगा।




