भिलाईनगर। बागेश्वर धाम के आचार्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा जयंती स्टेडियम के समीप मैदान में 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित होगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर 600 से अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।
कथा के आयोजक सेवा समर्पण समिति के संयोजक राकेश पांडेय हैं। कथा प्रारंभ होने से पूर्व 25 दिसंबर को सुबह 10 बजे सिविक सेंटर चौक से कलश यात्रा निकाली जाएगी। संयोजक ने बताया कि कलश यात्रा में मातृ शक्तियों को पीले वस्त्र धारण कर कलश के साथ शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
सफाई, पार्किंग, भोजन तथा सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं तथा उनकी मॉनिटरिंग के लिए नियंत्रण कक्ष भी तैयार है। बुधवार को दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




