एंटरटेनमेंट डेस्क। पंजाबी संगीत जगत के मशहूर कलाकार सिद्धू मूसेवाला का नया ट्रैक ‘बरोटा’ जल्द ही रिलीज होने जा रहा है। गाने का पोस्टर सोशल मीडिया पर आते ही फैंस के बीच जबरदस्त हलचल मच गई है। पोस्टर में एक विशाल पेड़ से रस्सियों के सहारे उल्टी लटकाई गई बंदूकें दिखाई देती हैं, जिसे देखकर फैंस गाने की थीम को लेकर तरह-तरह के अनुमान लगा रहे हैं।
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने बताया कि ‘बरोटा’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब गाने की फाइनल एडिटिंग जारी है। उन्होंने कहा कि यह ट्रैक 30 नवंबर या उससे पहले रिलीज कर दिया जाएगा।
फैंस के लिए बड़ा तोहफा: स्टेज पर दिखेगा मूसेवाला का 3D होलोग्राम
गाने के साथ ही सिद्धू मूसेवाला के चाहने वालों के लिए एक और खास सरप्राइज तैयार किया जा रहा है। परिवार एक विशेष 3D होलोग्राम शो पर काम कर रहा है, जिसमें फैंस को स्टेज पर सिद्धू की वर्चुअल मौजूदगी महसूस होगी।
इस होलोग्राम परफॉर्मेंस को इटली के कलाकार डिजाइन कर रहे हैं। पिछले हफ्ते ही बलकौर सिंह इटली जाकर इसकी तैयारियों का जायजा लेकर लौटे हैं। यह अनोखा 3D टूर जनवरी में ‘Sign to God’ नाम के शो के रूप में लॉन्च होगा।
Read Also- अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की धमक: फिल्म ‘भीम चिंताराम’ ने बढ़ाया भारत का गौरव
30 साल तक रिलीज होंगे सिद्धू के लिखे गाने
सिद्धू मूसेवाला के पिता ने बताया कि सिद्धू ने अपनी डायरी में कई ऐसे गीत लिख रखे हैं जो अब तक सामने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 30 वर्षों तक हर साल एक-एक गीत रिलीज किया जाएगा, ताकि सिद्धू के संगीत का सफर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
‘बरोटा’ को लेकर फैंस में उत्साह चरम पर
पोस्टर के आने के बाद सोशल मीडिया पर ‘बरोटा’ को लेकर जश्न जैसा माहौल है। फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि यह नया ट्रैक सिद्धू की म्यूजिक लेगेसी में क्या नई पहचान जोड़ेगा। हाल ही में दिए गए इंटरव्यू में बलकौर सिंह ने कहा कि लाखों फैंस का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है।
अनरिलीज्ड ट्रैक्स भी बन चुके हैं हिट
मई 2022 में सिद्धू मूसेवाला के निधन के बाद उनके कई अनरिलीज़्ड गाने—SYL, वार, और द लास्ट राइड—रिलीज हुए, जिन्हें सोशल मीडिया पर भारी प्रशंसा मिली। हर नया ट्रैक फैंस के दिलों में एक बार फिर सिद्धू की यादें ताज़ा कर देता है।




