बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दूसरी कक्षा की छात्रा को प्रधानपाठक ने इतनी बुरी तरह पीटा कि उसका पैर टूट गया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 25 जुलाई की है। प्राथमिक शाला कंजिया में पदस्थ प्रधानपाठक हीरालेओस टोप्पो (कुछ रिपोर्ट्स में हेरालुयूस एक्का) ने कक्षा में बातचीत करने पर सात वर्षीय छात्रा ललिता यादव की पिटाई कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्ची का पैर फ्रैक्चर हो गया।
परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई
घटना के बाद परिजन बच्ची का इलाज निजी अस्पताल में करवा रहे हैं। छात्रा का इलाज बीते तीन दिनों से चल रहा है। परिजनों ने मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी प्रधानपाठक को गिरफ्तार किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन परिजनों की सख्ती के बाद यह खुलासा हुआ और अब आरोपी पर कार्रवाई हुई है।




