दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम औरी में नहाने के दौरान तीन लोग नाले के तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को बचा लिया गया, जबकि एक बुजुर्ग की मौत हो गई और तीसरे युवक की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को झारखंड निवासी एक युवक, औरी निवासी 27 वर्षीय युवक और 65 वर्षीय भगवती ठाकुर नहाने के लिए औरी नाले में उतरे थे। नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कोशिश कर 27 वर्षीय युवक को बचा लिया और इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस हादसे में 65 वर्षीय भगवती ठाकुर की डूबने से मौत हो गई। उनका शव शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। वहीं झारखंड निवासी युवक का अब तक पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश एसडीआरएफ की टीम लगातार कर रही है।
बरसात के मौसम में नाले और छोटे जल स्रोत उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज बहाव वाले नदी-नालों में नहाने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।




