बलौदाबाजार। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय अर्जुनी के प्रभारी प्राचार्य खूबचंद सरसीहा को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर शराब पीकर विद्यालय आने, विद्यार्थियों व पालकों से एडमिशन के नाम पर अवैध वसूली, कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अनुशासनहीनता फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगे थे।
शिकायतों की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
जांच प्रतिवेदन और जवाब के आधार पर संचालक लोक शिक्षण ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत कार्यवाही करते हुए सरसीहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कसडोल नियत किया गया है, और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार या अमर्यादित व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




