कवर्धा. जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के धोबभट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर खुलेआम तलवार और डंडे लहराने वाले आरोपी दीपक चंद्रवंशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तलवार और डंडे जब्त किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का शहर में जुलूस भी निकाला गया और फिर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दरअसल, 15 अगस्त को जब देश आज़ादी का जश्न मना रहा था, उसी समय धोबभट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे और तलवारों से खूनी संघर्ष हो गया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया।
आरोपी दीपक चंद्रवंशी पर अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और गंभीर धाराओं में अपराध कायम किया गया है। पुलिस का कहना है कि इलाके में शांति भंग करने और खुलेआम हथियार लहराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




