सरगुजा। जिले में पत्नी की खुदकुशी के बाद पति ने भी फंदे पर झूलकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। मृतक खेती किसानी का काम करता था। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है।
![]()
जानकारी के मुताबिक चकेरी निवासी सुरेंद्र शाह(35) अपनी पत्नी दीपा(30) और 4 बच्चों के साथ गांव में रहता था। वह घर का खर्चा चलाने के लिए खेती किसानी किया करता था। होली के दिन सभी ने त्योहार मनाया। इसके बाद उसने अचानक फांसी लगा ली। जिस समय महिला ने आत्महत्या किया उस दौरान पति बच्चों के साथ दूसरे रूम में था। कुछ समय बाद जब सुरेंद्र वहां गया, तब वह ये देखकर हैरान रह गया। उसके बाद वह परिजनों के घर गया। वहां उसने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद सभी लोग सुरेंद्र के घर पहुंचे थे।
जानकारी मिली है कि सभी लोग घर के बाहर खड़े थे। उसी दौरान सुरेंद्र अंदर गया था। जब वह काफी समय तक बाहर नहीं आया, तब लोगों ने घर के दूसरे कमरे में जाकर देखा। वहां सुरेंद्र की लाश भी फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया है। इस पूरी घटना के बाद से परिजन हैरान हैं। 4 बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है।




