रायपुर। नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान में तीन दिवसीय DG–IG कॉन्फ्रेंस की शुरुआत हो गई। इस वर्ष सम्मेलन कुल आठ सत्रों में आयोजित होगा, जिनमें से छह सत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहेंगे। पहले दिन के लिए विस्तृत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है।
पहले दिन के कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:30 बजे प्रतिनिधियों और पदक विजेताओं का सम्मेलन प्रारंभ हुआ। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह के आगमन पर वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय का दौर चला। 2:55 बजे DIB ने स्वागत भाषण दिया और 3:00 बजे IB अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। 3:15 बजे देश के तीन सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों को सम्मानित किया गया। इसके पश्चात गृह मंत्री ने सम्मेलन को संबोधित किया और आधिकारिक धन्यवाद ज्ञापन के बाद समूह फोटो लिया गया।
हाई टी के बाद 4:45 से 5:45 बजे तक राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रस्तुति और चर्चा आयोजित की गई। 5:45 से 6:45 बजे आपदा प्रबंधन क्षमताओं पर विचार-विमर्श हुआ। डिनर के पश्चात 8:10 से 9:10 बजे तक गृह सचिव ने प्रतिभागियों से बातचीत की। दिन का समापन अगले दिन की प्रस्तुतियों पर आयोजित ब्रेकआउट सत्र के साथ हुआ।
सम्मेलन में NSA अजीत डोभाल, BSF DG दलजीत सिंह चौधरी, ITBP DG प्रवीण कुमार, जम्मू-कश्मीर DG नलिन प्रभात और असम DG हरमीत सिंह सहित देशभर के गृह विभागों, CAPFs, CPOs और इंटेलिजेंस एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं।
इस उच्चस्तरीय सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, पुलिस अवसंरचना, आतंकवाद-रोधी रणनीतियाँ, कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और पुलिस कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए यह मंच अत्यंत प्रभावी माना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 2014 के बाद से सम्मेलन के आयोजन ढांचे में व्यापक सुधार किए गए हैं। यह सम्मेलन गुवाहाटी, कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, केवड़िया, पुणे, लखनऊ, दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर जैसे विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जा चुका है।




