नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक सख्त व्यापारिक फैसला लेते हुए जापान और दक्षिण कोरिया पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इस फैसले की जानकारी दोनों देशों को ‘स्वीकार करें या छोड़ दें’ अल्टीमेटम के साथ भेजे गए ट्रेड लेटर के माध्यम से दी गई। यह टैरिफ 1 अगस्त 2025 से लागू होगा और सभी प्रकार के जापानी उत्पादों पर अमेरिका में अलग से प्रभावी रहेगा।
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भेजे गए टैरिफ लेटर के स्क्रीनशॉट भी सार्वजनिक किए गए हैं। जापान के प्रधानमंत्री इशिबा शिगेरू और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यांग को संबोधित इन पत्रों में ट्रंप ने लिखा है कि यह पत्र व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है, हालांकि अमेरिका का जापान के साथ व्यापार घाटा बना हुआ है।
ट्रंप ने पत्र में यह भी कहा कि अमेरिका अब संतुलित और निष्पक्ष व्यापार की ओर बढ़ना चाहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका जापान से आयातित सभी उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा और यह क्षेत्रीय समझौतों से स्वतंत्र होगा। दक्षिण कोरिया के लिए भी समान शर्तें लागू की जाएंगी।
ट्रंप के इस कदम को आगामी चुनावी रणनीति और घरेलू औद्योगिक हितों के संरक्षण की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। यह फैसला अमेरिका की वैश्विक व्यापार नीति में बड़ा बदलाव दर्शाता है, जिसका असर एशियाई बाजारों और वैश्विक व्यापार संतुलन पर पड़ सकता है।




