सिंगरौली। मध्य प्रदेश से सटी छत्तीसगढ़ सीमा के समीप स्थित सिंगरौली जिले के माड़ा रेंज में इन दिनों ठंड से ज्यादा लकड़ी तस्करी की गतिविधियां चर्चा में हैं। जंगलों में खुलेआम पेड़ों की कटाई हो रही है, तस्कर बेखौफ नजर आ रहे हैं और जिम्मेदार तंत्र पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। सामने आए एक वीडियो ने प्रशासन और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक तस्कर खुलेआम यह कहते हुए नजर आ रहा है कि वह 1000 रुपये में लकड़ी उपलब्ध करा रहा है। आरोप है कि माड़ा रेंज के धरी, बिंदुल और चूड़ी पाठ के रास्तों से रोजाना लकड़ी की तस्करी की जा रही है। कागजों में जहां 24 घंटे निगरानी का दावा किया जाता है, वहीं हकीकत यह है कि रात होते ही जंगलों में आरी चलने लगती है। बाइक पर लकड़ी लादी जाती है और सुबह जंगल का नजारा बदला हुआ नजर आता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अत्यधिक ठंड के कारण नियमित गश्त प्रभावित हो रही है, जिससे तस्करों के हौसले बढ़ गए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि लगातार हो रही जंगलों की कटाई के लिए जिम्मेदार कौन है और क्या निगरानी तंत्र वास्तव में प्रभावी है।
यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में जंगलों का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। इस मामले ने वन विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी पर सीधा प्रश्नचिह्न लगा दिया है और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता को रेखांकित किया है।




