नई दिल्ली। उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। जय अनमोल पर रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के माध्यम से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से 228 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा की गई शिकायत पर सीबीआई ने जय अनमोल सहित RHFL के खिलाफ केस दर्ज किया है। दर्ज एफआईआर में RHFL के निदेशक जय अनमोल और रवींद्र शरद सुधाकर के नाम शामिल किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला
सीबीआई की एफआईआर के अनुसार, रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एससीएफ शाखा, मुंबई से 450 करोड़ रुपये का लोन लिया था। बैंक ने लोन मंजूरी के दौरान कई शर्तें तय की थीं, जिनमें समय पर किश्तों का भुगतान, जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराना और उचित सिक्योरिटी जमा करना शामिल था।
बैंक का आरोप है कि कंपनी समय पर किश्तों का भुगतान नहीं कर सकी। इसके चलते 20 सितंबर 2019 को लोन खाता एनपीए घोषित कर दिया गया। बाद की जांच में पता चला कि कंपनी ने लोन की राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के बजाय अन्य जगहों पर किया।
बैंक के अनुसार, निदेशकों ने लोन की राशि का दुरुपयोग किया और इसे उन कार्यों में लगाया जिनके लिए मंजूरी नहीं दी गई थी। बैंक का दावा है कि इस वजह से उसे कुल 228 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
सीबीआई इस मामले में आगे जांच कर रही है और संबंधित दस्तावेजों व लेनदेन की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।




