खजुराहो। देश में जारी इंडिगो फ्लाइट संकट का असर गुरुवार को वाराणसी से खजुराहो आने वाली उड़ान के रद्द होने के रूप में देखने को मिला। उड़ान निरस्त होने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस फ्लाइट से अभिनेता अनुपम खेर को खजुराहो फिल्म महोत्सव में अपनी फिल्म तन्वी द ग्रेट की स्क्रीनिंग के लिए पहुंचना था, लेकिन उड़ान रद्द होने के कारण उनका कार्यक्रम प्रभावित हुआ।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व खजुराहो एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से दिल्ली-खजुराहो-वाराणसी रूट पर इंडिगो की नियमित उड़ान संचालन की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद वाराणसी से खजुराहो की फ्लाइट के अचानक रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी देखी गई।
फ्लाइट रद्द होने के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपनी प्रतिक्रिया दी। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर शिकायत नहीं करते, लेकिन वाराणसी पहुंचने पर उन्हें पता चला कि खजुराहो की उनकी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। उन्होंने बताया कि खजुराहो फिल्म फेस्टिवल में उनकी फिल्म ओपनिंग फिल्म के रूप में प्रदर्शित की जानी है और ऐसे में उनके सामने असमंजस की स्थिति खड़ी हो गई।
अनुपम खेर ने यह भी कहा कि उनका सामान भी देरी से पहुंचा और खजुराहो के लिए फिलहाल कोई वैकल्पिक फ्लाइट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि अब वे ट्रेन या सड़क मार्ग से खजुराहो पहुंचने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। वीडियो में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि एयरपोर्ट पर अन्य यात्री भी परेशान थे, जिनमें विदेश से आई एक महिला भी शामिल थी, जो खजुराहो फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने आई थी।
अभिनेता ने कहा कि जब ऐसी परिस्थितियां सामने आती हैं तो समाधान खोजने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता। उन्होंने वाराणसी में रुककर भोजन करने और शहर को देखने की बात कहते हुए अपनी यात्रा को वैकल्पिक साधनों से पूरा करने की जानकारी दी।




