नई दिल्ली। आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्षी INDIA गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा नेता रामगोपाल यादव, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत समेत कई बड़े विपक्षी नेता मौजूद रहे।
इससे पहले एनडीए उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया था। सूत्रों के मुताबिक, सुदर्शन रेड्डी ने चार सेट में नामांकन पत्र जमा किए, जिनमें प्रत्येक सेट में 20 प्रस्तावक और 20 समर्थक शामिल थे। नामांकन से पहले उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के महान नेताओं को श्रद्धांजलि दी।
मुकाबला बना दिलचस्प
भले ही नंबर गेम में विपक्ष पीछे दिखाई दे रहा है, लेकिन मुकाबले को दिलचस्प बनाने के लिए INDIA गठबंधन ने पूरी ताकत झोंक दी है। खास बात यह है कि इस बार सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने ही दक्षिण भारत से उम्मीदवार उतारे हैं। ऐसे में यह चुनाव “दक्षिण बनाम दक्षिण” की तस्वीर पेश कर रहा है।
सुदर्शन रेड्डी का बयान
नामांकन के बाद सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता की लड़ाई नहीं है बल्कि “सामाजिक न्याय बनाम आरएसएस के एजेंडे” की लड़ाई है।
विपक्ष की रणनीति
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स (X) पर नामांकन से जुड़ा कार्यक्रम साझा किया। विपक्षी दलों के नेता सुबह 11 बजे कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के कक्ष में एकत्र हुए, जिसके बाद सामूहिक रूप से राज्यसभा महासचिव और इस चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर पी.सी. मोदी के कार्यालय जाकर नामांकन दाखिल किया गया।




