KHABARWAAD BILASPUR. लोकसभा चुनाव के बीच सोमवार को कोनी स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में मतदान दल को रवाना करने के दौरान तैनात किए गए पुलिसकर्मी जुआ खेलते रहे। राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिसकर्मी मतदान दलों को रवाना करने खड़ी की गई बसों के पीछे खुलेआम जुआ खेलते रहे। यहां पुलिसकर्मी 500-500 के नोटों की गड्डी लेकर दांव लगाते रहे। वहीं जब जुआ खेल रहे पुलिसकर्मियों का अन्य पुलिसकर्मी और दूसरे विभागों के कर्मचारी वीडियो बनाने लगे तो भी इन पुलिसकर्मियों को कोई फर्क नहीं पड़ा और खुलेआम जुआ खेलते रहे। इनके साथ कुछ सरकारी कर्मचारी भी जुआ खेलने लगे जिसका वीडियो सामने आया है।
बताया जाता है कि आज सुबह 7 बजे से कोनी स्थिति स्ट्रांग रूम में कर्मचारी और पुलिसकर्मी पहुंच गए थे। पर अधिकारी नहीं पहुंचे थे। इस दौरान टाइम पास के लिए पुलिसकर्मी जुए के दांव लगाने लगे और महफिल सजाकर वही फील्ड जमा लिया। अफसरों की नजर भी जुआरी पुलिसकर्मियों पर नहीं पड़ी। पर मोबाइल कैमरे में जुआ खेलते बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कैद हो गए।
वही एसपी रजनेश सिंह ने वीडियो वायरल होने पर कमलेश सूर्यवंशी और अविनाश चंदेल नामक दो आरक्षको को तत्काल निलंबित कर दिया है।




