विरार। विरार नगर स्थित रामाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबकर अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना को 30 घंटे से अधिकलबीत चुके हैं, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। राहत कार्य में NDRF की 5वीं बटालियन की दो टीमें, वसई-विरार महानगरपालिका और स्थानीय पुलिस लगातार जुटी हुई हैं।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
हादसा उस समय हुआ जब जॉयल परिवार अपनी मासूम बेटी उत्कर्षा का पहला जन्मदिन मना रहा था। घर सजाया गया था, केक काटा गया और तस्वीरें रिश्तेदारों को भेजी गईं। लेकिन खुशियों के कुछ ही मिनट बाद अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा पास की चॉल पर गिर पड़ा। इस हादसे में मासूम उत्कर्षा और उनकी मां आरोही जॉयल की मौत हो गई, जबकि पिता ओंकार जॉयल का अब तक पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए सात लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला। इनमें से कुछ को मामूली चोटें आईं और उन्हें विरार व नालासोपारा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।




