रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) ने आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। निर्देशों के अनुसार, परीक्षार्थियों को परीक्षा दिवस से पहले और परीक्षा के दौरान कई अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।
एक दिन पहले केंद्र का अवलोकन अनिवार्य
व्यापम ने कहा है कि परीक्षार्थी परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य करें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति निर्मित न हो।
परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। फ्रिस्किंग और पहचान पत्र सत्यापन में समय लगने के कारण यह व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
इसके साथ ही परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। उदाहरणस्वरूप, यदि परीक्षा सुबह 11 बजे है तो प्रवेश द्वार 10:30 बजे के बाद नहीं खुलेगा।
Read Also- भाठागांव मेन रोड पर फिर फटा मेगा पाइपलाइन, 21 नवंबर की शाम आधा शहर रहेगा पानीविहीन
ड्रेस कोड में कड़ाई: कई रंगों पर पूर्ण प्रतिबंध
व्यापम ने ड्रेस कोड को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि परीक्षार्थी हल्के रंगों के आधी बाँह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा देने आएँ।
वर्जित रंगों में शामिल हैं:
- काला
- गहरा नीला
- गहरा हरा
- जामुनी
- मैरून
- बैंगनी
- गहरा चॉकलेट रंग
केवल बिना पॉकेट वाला सामान्य स्वेटर ही अनुमति योग्य होगा। सुरक्षा जांच के दौरान स्वेटर उतारकर परीक्षण करवाना अनिवार्य रहेगा। धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान धारण करने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पूर्व रिपोर्ट करना होगा क्योंकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच का सामना करना पड़ेगा।
फुटवियर और आभूषणों पर प्रतिबंध
व्यापम ने फुटवियर संबंधी नियम भी स्पष्ट कर दिए हैं।
- अभ्यर्थियों को केवल चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
- कान के आभूषण सहित किसी भी प्रकार के गहने पहनना सख्त वर्जित होगा।
केंद्र में प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची जारी
परीक्षा केंद्र में सुरक्षा कारणों से कई वस्तुओं को प्रतिबंधित किया गया है। इनमें शामिल हैं—
- मोबाइल फोन व अन्य संचार उपकरण
- सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
- स्मार्ट/इलेक्ट्रॉनिक घड़ी
- पर्स, पाउच
- स्कार्फ, बेल्ट
- टोपी आदि
व्यापम ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित सामग्री लाने पर परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
Read Also- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अंबिकापुर प्रवास पर, जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज
परीक्षार्थियों को अपने प्रवेश पत्र के सभी पृष्ठों का एकतरफा प्रिंट साथ लाना होगा, क्योंकि परीक्षा केंद्र पर व्यापम की प्रति संग्रहित की जाएगी।
पहचान के तौर पर निम्न में से किसी एक मूल फोटोयुक्त ID का होना अनिवार्य है—
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- मतदाता पहचान पत्र
यदि प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो साथ लानी होगी।
परीक्षा के दौरान पेन और अनुशासन संबंधी निर्देश
परीक्षार्थी उत्तर लेखन हेतु केवल नीले या काले बाल-पॉइंट पेन का ही उपयोग कर सकेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधे घंटे और परीक्षा समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में कक्ष से बाहर जाना प्रतिबंधित रहेगा।




