बलौदाबाजार। प्यार में अंधी हुई एक शादीशुदा महिला ने अपने 15 साल छोटे प्रेमी के साथ जिंदगी बिताने के लिए ऐसा कदम उठाया जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। महिला ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी, ताकि वह प्रेमी के साथ रह सके। घटना बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के वटगन गांव की है। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता, बना खून-खराबे की वजह
जानकारी के मुताबिक मृतक अमृत गिरी फल बेचने का काम करता था। वह अपनी पत्नी चंद्रिका गिरी और तीन बच्चों के साथ रहता था। करीब चार साल पहले चंद्रिका की मुलाकात बिहार के मुजफ्फरनगर निवासी टुन्ना कुमार शर्मा से इंस्टाग्राम पर हुई थी। चेन्नई में काम करने वाला टुन्ना महीने में करीब 70 हजार रुपये कमाता था। उम्र में 15 साल छोटा होने के बावजूद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।
धीरे-धीरे सोशल मीडिया की दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई। चंद्रिका अपने प्रेमी से चोरी-छिपे मिलती थी और अपने बच्चों को टुन्ना से ‘अंकल’ कहकर मिलवाती थी। दोनों के बीच कई बार होटलों में मुलाकातें भी हुईं।
पति को हुआ शक, तो प्रेमी की शादी की खबर ने भड़काया जुनून
अमृत को पत्नी के अफेयर की भनक लग गई थी। इसके बाद दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। इसी दौरान फरवरी 2025 में चंद्रिका को पता चला कि उसका प्रेमी टुन्ना अब किसी और से शादी करने वाला है। यह सुनते ही चंद्रिका का गुस्सा और जुनून दोनों हद पार कर गए। उसने अपने पति को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
Read Also- एकादशी के पावन अवसर पर गौ सेवा का संदेश: पेंड्रा में निकली भव्य गौमाता शोभायात्रा, सेवा और संरक्षण का दिया संदेश.
रायपुर के होटल में बनी ‘मौत की प्लानिंग’
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या से पहले चंद्रिका ने रायपुर के एक होटल में अपने प्रेमी से मुलाकात की थी। वहीं दोनों ने अमृत की हत्या की साजिश रची। चंद्रिका ने टुन्ना को बताया कि घर में कब और कैसे घुसना है, हमला कब करना है और वार के बाद कैसे भागना है। उन्होंने ऐसा दिन चुना जब गांव में नाचा कार्यक्रम चल रहा था, ताकि घर के आस-पास कोई न हो।
सोफे पर सोए पति के सिर पर उतारी कुल्हाड़ी
24 अक्टूबर की रात करीब 11-12 बजे अमृत घर लौटा, खाना खाया और सोफे पर सो गया। उसी वक्त टुन्ना छत से घर में घुसा और सोए हुए अमृत के सिर पर कुल्हाड़ी से दो वार किए। अमृत की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद टुन्ना कुल्हाड़ी को बैग में रखकर ट्रक से लिफ्ट लेकर रायपुर भागा और वहां से सीधा चेन्नई निकल गया।
सुबह रो-रोकर बोली – “किसी ने मेरे पति को मार दिया”
अगली सुबह चंद्रिका ने पड़ोसियों को बताया कि उसके पति की किसी ने हत्या कर दी है। पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो अमृत का शव खून से लथपथ सोफे पर पड़ा मिला। शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला, लेकिन चंद्रिका के बयान उलझे हुए थे।
Read Also- छत्तीसगढ़ में थमी बारिश, अब बढ़ेगी ठंड: अगले 48 घंटे में गिर सकता है तापमान
मोबाइल डेटा ने खोला राज
पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने पर चंद्रिका के मोबाइल में टुन्ना का नंबर मिला। लोकेशन ट्रेस की गई तो पता चला कि वह चेन्नई में छिपा हुआ है। पुलिस की टीम चेन्नई पहुंची और आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में टुन्ना ने सब कुछ कबूल कर लिया — उसने बताया कि हत्या के पीछे उसकी गर्लफ्रेंड चंद्रिका का हाथ था। उसने यह भी बताया कि कुल्हाड़ी रायपुर रेलवे स्टेशन पर फेंक दी थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
कबूली जुबान में निकला ‘पछतावा’
टुन्ना ने पुलिस को बताया कि हत्या से पहले उसका मन बदल गया था और वह लौटना चाहता था, लेकिन जब अमृत की नींद खुली तो पकड़े जाने के डर से उसने वार कर दिया। हत्या के बाद वह खुद सरेंडर करने का सोच रहा था, मगर डर के कारण भाग गया।
दोनों गिरफ्तार, इलाके में चर्चा का विषय
पुलिस ने चंद्रिका गिरी और टुन्ना कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना ने पूरे बलौदाबाजार जिले में सनसनी फैला दी है। एक प्यार का जुनून कैसे इंसान को अपराध की गहराई में धकेल सकता है, यह घटना उसकी भयावह मिसाल बन गई है।




