भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) की सेमेस्टर परीक्षा में शुक्रवार को एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया। बीआईटी दुर्ग में आयोजित सेमेस्टर परीक्षा में एक छात्र ने एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ कर परीक्षा देने की कोशिश की, जिससे हंगामा मच गया।
घटना इस प्रकार घटी कि कंप्यूटर साइंस ब्रांच के छात्र हिमांशु कुमार की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई थी, लेकिन उसकी जगह दिव्यांशु कुमार परीक्षा देने पहुंच गया। पहले तो उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया, लेकिन वह बार-बार इधर-उधर देख रहा था, जिससे परीवेक्षक को शक हुआ। इसके बाद, परीवेक्षक ने प्रवेश पत्र की जांच की और उसमें गड़बड़ी पाई।
छत्तीसगढ़ में प्रिंटिंग घोटाले पर सख्ती: सरकार ने जारी किए कठोर निर्देश, अब केवल ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ के माध्यम से होगा प्रचार-प्रसार
परीवेक्षक ने दिव्यांशु को कंट्रोल रूम में बुलाकर कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। दिव्यांशु ने बताया कि उसने अपने दोस्त हिमांशु के कहने पर उसकी जगह पर परीक्षा देने के लिए एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ की थी। हिमांशु के असली फोटो की जगह दिव्यांशु का फोटो एडिट कर दिया गया था। इस धोखाधड़ी के लिए उसने सीएसवीटीयू के एडमिट कार्ड का कंप्यूटर बेस्ड तरीका अपनाया था, ताकि वह पकड़ा न जाए।
यह छात्र रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र था और बीआईटी दुर्ग में बने परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने के लिए आया था। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र में हंगामा मच गया और संबंधित अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया।




