अंबिकापुर। अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में 2 भाईयों की मौत हो गई। दोनों भाई 9वीं कक्षा के छात्र थे और बाल कटवाने के लिए बाइक से सलून जा रहे थे, तभी बेकाबू मिनी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसा गांधीनगर थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, शहर से लगे ग्राम सकालो के बंगालीपारा में रमन पोर्ते (16 वर्ष) और कमलेश पोर्ते (16 वर्ष) अपने परिवार के साथ रहते थे। वे दोनों आपस में सगे चचेरे भाई थे। दोनों कक्षा 9वीं में पढ़ाई करते थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे दोनों बाइक पर सवार होकर बाल कटवाने के लिए सकालो बाजार के लिए निकले थे।
सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना गांधीनगर थाना पुलिस को दी। मौके पर तत्काल पुलिस पहुंची, लेकिन गुस्साए लोगों और मृत नाबालिगों के परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। वहीं मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।




