KHABARWAAD RAIPUR. मुंबई शहर के घाटकोपर में विशाल होर्डिंग के गिरने से 16 लोगों की मौत की घटना के बाद छत्तीसगढ़ में रायपुर नगर निगम ने विज्ञापन एजेंसियों को होर्डिंग्स के ढांचों की जांच करवाने के लिए कहा है। नगर निगम रायपुर के अधिकारियों ने यह जानकारी बुधवार 15 मई को दी है। अधिकारियों ने बताया कि रायपुर नगर निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने शहर में सुरक्षित ढंग से होर्डिंग्स लगाए जाने को लेकर मंगलवार को विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों और नगर निगम के अधिकारियों की बैठक ली।
Read Also- आज शाम से इन 9 वार्डों में नहीं आएगा पीने का पानी
क्या निर्देश दिए गए?
रायपुर नगर निगम के आयुक्त ने सभी विज्ञापन एजेंसियों को अपने होर्डिंग्स के ढांचों की जांच कर नगर निगम को इनकी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मिश्रा ने बैठक में कहा कि मुंबई जैसा हादसा रायपुर में न हो, यह विज्ञापन एजेंसियां सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम आयुक्त ने रायपुर में इस तरह की घटना को रोकने के लिए सभी विज्ञापन एजेंसियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा ने होर्डिंग्स से किसी भी प्रकार का कोई अप्रिय हादसा रायपुर शहर में न हो, यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने होर्डिंग गिरने या किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के लिए कहा है।




