Raipur Vishal Mega Mart : विशाल मेगा मार्ट की एक्सपायरी नमकीन खाने से युवक का पेट खराब हो गया। उसे उल्टी दस्त होने लगे। इलाज के बाद जब उसने मार्ट वालों से इसकी शिकायत कर हर्जाना और माफी लिखित में देने की बात की तो प्रबंधन ने मना कर दिया। पीड़ित युवक ने इसकी कोतवाली थाने में भी शिकायत की। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसके बाद पीड़ित रजनीश कौशिक ने मार्ट प्रबंधन के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में केस दायर किया। अब फोरम ने विवेचना के बाद मार्ट को आदेश दिया कि वह परिवादी को अनुचित व्यापार व्यवहार और मानसिक कष्ट के लिए 50 हजार रुपए दे।
रजनीश कौशिक ने जून 2022 को विशाल मेगा मार्ट से 11 हजार 874 रुपए का किराना सामान खरीदा था। इसमें फर्स्ट क्रॉप खट्टा मीठा नाम से एक नमकीन का पैकेट भी था। 3 दिन बाद जब उसने वह नमकीन खाया तो उसे उल्टी दस्त शुरू हो गए। उसकी हालत इतनी खराब हो गई कि रजनीश को रक्षित केंद्र रायपुर के पुलिस अस्पताल में जाकर इलाज कराना पड़ गया। वहां डॉक्टरों ने उससे पूछा कि उसने क्या खाया? तब उसने नमकीन के बारे मे बताया।




