कोरिया। जिले के बहुचर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल अभी भी बना हुआ है। घटना के बाद पहली बार प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम नौगई गांव पहुंचे और मृतक भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
मंत्री नेताम ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान शोकाकुल परिजनों ने मंत्री के सामने अपनी मांगें रखीं। परिजनों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, मामले की सीबीआई जांच तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, शैलेश शिवहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। गांव में अब भी घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगई रेत घाट का ठेका लिया था। रेत खनन और परिवहन को लेकर उनका भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि 16 जून की देर रात करीब 12 बजे मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने भरत सिंह को उनके घर के पास घेर लिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर कार के आगे और पीछे हाईवा वाहन खड़ा कर रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। इस भीषण घटना में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी।
तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि परिजन अब भी मामले की उच्चस्तरीय जांच और कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।




