Empowerment of persons with disabilities in CG : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, पुनर्वास एवं उनके हित के संरक्षण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में दिव्यांगजन भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य में दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ एवं पुनर्वास हेतु विभिन्न योजनाएं तथा कार्यक्रम संचालित हैं। इनमें सामाजिक सहायता कार्यक्रम, पेंशन योजनाएं, कृत्रिम अंग सहायक उपकरण प्रदाय, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरण, छात्रवृत्ति आदि शामिल हैं। प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण तथा हित में बेहतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेगा।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजनों को समाज का भरपूर समर्थन और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन देश और प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, सचिव समाज कल्याण विभाग भुवनेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित थे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजन और संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जांजगीर-चांपा जिले के सेवा समिति संस्थान और निःशक्तजन कल्याण संघ को दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया।




