छत्तीसगढ़ को अब मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में कदम तेज हो गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास को लेकर अपने दृढ़ संकल्प को जताया है, और इसी क्रम में नवा रायपुर अटल नगर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की मेडिसिटी बनाने का निर्णय लिया गया है।
इस मेडिसिटी के माध्यम से प्रदेशवासियों को एक ही स्थान पर उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने प्रोजेक्ट की शुरुआत की है, और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में इसे धरातल पर उतारने के प्रयास जारी हैं।
Read Also- छत्तीसगढ़ में 27 और 28 दिसंबर को बारिश की संभावना, फिर ठण्ड ढाएगी कहर
करीब 200 एकड़ में विकसित होने वाली यह मेडिसिटी नवा रायपुर के सेक्टर 37 में बनाई जाएगी। प्राधिकरण ने यहां भूमि का चिन्हांकन कर लिया है और इस प्रोजेक्ट में निजी निवेश के माध्यम से लगभग 5000 बिस्तर क्षमता वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य सरकार की योजना है कि इस परियोजना को भविष्य में प्रधानमंत्री मेडिसिटी योजना से जोड़ा जाए।
हाल ही में, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण और केंद्र सरकार के उपक्रम इंफ्रांटेक सर्विसेस लिमिटेड के बीच इस मेडिसिटी परियोजना के लिए समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस परियोजना को साकार करने के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इस मेडिसिटी में मल्टीस्पेसिलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, छात्रावास, डायग्नोस्टिक्स सेंटर, धर्मशाला, होटल और वाणिज्यिक एकीकृत विकास की योजना भी है।
Read Also- भाजपा विधायक पर जानलेवा हमला, पेट्रोल से भरी बोतल फेंकी, एक युवक घायल
इसके अलावा, राज्य सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इस मेडिसिटी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में एक नई पहचान मिल सके। नवा रायपुर अटल नगर में एयरपोर्ट के निकट स्थित इस मेडिसिटी के निर्माण से छत्तीसगढ़ को मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में एक अहम केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी।




