श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से पूरा देश सन्न है और हर कोई आतंकियों को करारा जवाब देने की मांग कर रहा है. आतंकियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी घूमने आए पर्यटकों को उनका नाम और मजहब पूछकर निशाना बनाया है. यही नहीं, आतंकी एके-45 के साथ बॉडीकैम से लैस थे, ताकि दहशत के इस मंजर को रिकॉर्ड किया जा सके. हमले में अब तक 28 लोग मारे जा चुके हैं और पूरे इलाके में दहशतगर्दों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
हिन्दुओं को बताया था अलग
यह हमला पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर के उस बयान के कुछ दिन बात हुआ, जिसमें उन्होंने कश्मीर को इस्लामाबाद के ‘गले की नस’ बताया था. हमले के बाद ये सवाल लगातार उठ रहे हैं कि असीम मुनीर के बयान ने आतंकियों को हिन्दुओं के खिलाफ भड़काने का काम किया. क्योंकि मुनीर ने बंटवारे का जिक्र करते हुए हिन्दुओं को मुस्लिमों से अलग बताया था और कहा कि हम साथ नहीं रह सकते. ऐसा माना जा रहा है कि पाकिस्तानी जनरल के इसी बयान ने आतंकी गुटों को हिंसा फैलाने के लिए प्रेरित किया, खासकर तब जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की चार दिवसीय यात्रा पर हैं.
पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकियों का स्केच जारी, आप भी देखें दहशतगर्दों का चेहरा
असीम मुनीर की भारत विरोधी बयानबाजी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में विदेश में रह रहे पाकिस्तानियों की एक बैठक के दौरान सामने आई थी. भारत और हिंदुओं के खिलाफ जहर उगलते हुए मुनीर ने जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान के दावे को दोहराया और टू-नेशन थ्योरी का बचाव किया जिसके कारण 1947 में भारत का बंटवारा हुआ और पाकिस्तान बना था.




