इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का महामुकाबला आज 3 जून को खेला जाएगा। फाइनल में पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।
इस बार IPL को तीन साल बाद नया विजेता मिलेगा। पिछली बार 2022 में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब एक बार फिर दो नई विजेता बनने की दावेदार टीमें मैदान में उतरेंगी — दोनों टीमों को अब तक खिताब जीतने का सौभाग्य नहीं मिला है।
Read Also- रायपुर में खेला जाएगा IND vs SA के बीच वनडे इंटरनेशनल मैच, BCCI ने जारी किया शेड्यूल
फाइनल की जंग में पहली बार आमने-सामने
पंजाब किंग्स दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2014 में टीम ने फाइनल खेला था, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स से हार मिली थी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का यह चौथा फाइनल है। इससे पहले 2009, 2011 और 2016 में टीम खिताब के बेहद करीब आकर भी चूक गई थी।
आज दोनों टीमों के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। पहली बार दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ फाइनल में उतरेंगी।
हेड-टु-हेड रिकॉर्ड: बराबरी पर लड़ाई
IPL के इतिहास में अब तक पंजाब और बेंगलुरु के बीच कुल 36 मुकाबले हुए हैं, जिनमें दोनों ने 18-18 मैच जीते हैं। इस सीजन दोनों के बीच यह चौथा मुकाबला होगा। इससे पहले RCB ने दो मैच और पंजाब ने एक मैच जीता है। क्वालिफायर-1 में भी RCB ने PBKS को 8 विकेट से हराया था।
Read Also- जी-7 सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
श्रेयस और कोहली पर निगाहें
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर इस सीजन जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने 16 मैचों में 603 रन बनाए हैं। अहमदाबाद में ही खेले गए क्वालिफायर-2 में उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 87 रनों की पारी खेली और टीम को फाइनल में पहुंचाया।
RCB के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज विराट कोहली इस सीजन टीम के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 14 मुकाबलों में 614 रन बनाए हैं, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल हैं। फिल सॉल्ट, मयंक अग्रवाल और कप्तान रजत पाटीदार ने भी अहम योगदान दिया है।
गेंदबाज़ी का दम: अर्शदीप बनाम हेजलवुड
PBKS के तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह इस सीजन 18 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उनके अलावा काइल जैमीसन और ओमरजई ने भी प्रभावित किया है।
Read Also- भारत में बेकाबू हुआ कोरोना : 2 दिन में 21 लोगों की मौत, एक्टिव केस 3783 के पार
RCB की गेंदबाज़ी इस बार खास मजबूत नजर आई है। जोश हेजलवुड ने अब तक 21 विकेट झटके हैं, जबकि भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल ने क्रमशः 15 और 12 विकेट लिए हैं। स्पिन विभाग में सुयश शर्मा और क्रुणाल पंड्या ने बीच के ओवरों में शानदार नियंत्रण दिखाया है।
पिच रिपोर्ट
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मुफीद मानी जाती है। यहां अब तक खेले गए 43 IPL मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 21 और दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 22 मुकाबले जीते हैं। इस सीजन PBKS ने इसी मैदान पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ 243/5 का स्कोर खड़ा किया था। 210 से ऊपर का स्कोर पहली पारी में सुरक्षित माना जा रहा है। यानी आज का फाइनल भी हाई-स्कोरिंग हो सकता है।
Read Also- शुभमन गिल भारतीय टेस्ट टीम के नए कप्तान नियुक्त, इंग्लैंड दौरे के लिए टीम घोषित
बारिश डाल सकती है खलल
अहमदाबाद में आज मौसम की स्थिति मैच के लिहाज से थोड़ी चिंताजनक है। दोपहर में बादल छाए रहेंगे और बारिश की 62% संभावना जताई गई है। तापमान 27 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और हवा की रफ्तार 15 किमी/घंटा होगी।
अगर बारिश के कारण मुकाबला बाधित होता है तो 120 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम दिया जाएगा। फिर भी मैच न हो पाने की स्थिति में मुकाबला 4 जून को रिजर्व डे में कराया जाएगा। रिजर्व डे पर भी रिजल्ट नहीं निकलने पर दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी साझा कर दी जाएगी।
Read Also- विराट कोहली ने कहा टेस्ट क्रिकेट को अलविदा, पीछे छोड़े पांच ऐसे रिकॉर्ड जिन्हें तोड़ना बेहद मुश्किल
संभावित प्लेइंग इलेवन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB): रजत पाटीदार (कप्तान), फिल सॉल्ट, विराट कोहली, मयंक अग्रवाल, लियम लिविंगस्टन/टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड।
इम्पैक्ट प्लेयर: सुयश शर्मा
पंजाब किंग्स (PBKS): श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), नेहल वाधेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, अजमतुल्लाह ओमरजई, विजयकुमार वैशाख, काइल जैमीसन, अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर: युजवेंद्र चहल / हरप्रीत बरार




