गरियाबंद। जिले के परसूली के सोहागपुर बिट में अतिक्रमण हटाने पहुंचे वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने लाठी, कुल्हाड़ी और बैट से हमला कर दिया। हमले में कई वन कर्मी घायल हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने डिप्टी रेंजर समेत पांच वन कर्मियों को घंटों तक बंधक बनाकर रखा।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी, जिस पर ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर हमला कर दिया। इस हमले में वन विभाग के कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए। हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों ने डिप्टी रेंजर और अन्य कर्मियों को पकड़कर बंधक बना लिया।
Read Also- साय कैबिनेट की बैठक 18 जून को, इन मुद्दों पर हो सकता है फैसला
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सभी वनकर्मियों को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल वनकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, पुलिस अब इस हमले में शामिल ग्रामीणों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। मामला गंभीर होने के कारण उच्च अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई है।




