कांकेर। फेसबुक वाला प्यार एक युवक को महंगा पड़ गया। युवती 24 लाख रुपए लेकर दूसरे युवक के साथ फरार हो गई। अलग अलग परेशानी बताकर युवती पैसे लेते रही। युवक की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक चारामा निवासी रितिक देवांगन पेशे से व्यापारी है। 5 साल पहले रितिक की दोस्ती लेखा देवांगन नाम की युवती से हुई। धीरे -धीरे दोनों फेसबुक पर चैटिंग करने लगे। इसके बाद दोनों की मुलाकाते होने लगीं। 5 साल के रिश्ते में अलग अलग बहाने बनाकर लेखा ने 10 लाख से अधिक रुपए ऐंठ लिए। पर जब युवक ने शादी की बात युवती से की तो पहले जमीन-मकान खरीद लेते हैं और उसके बाद जल्दी ही शादी करके घर बसा लेंगे।
जमीन की रजिस्ट्री और घर खरीदने के नाम पर युवती लेखा देवांगन ने रितिक से 12 लाख रुपए से ज्यादा एक साथ ले लिए। इसके बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही। अब 15 दिन पहले से अचानक युवती का फोन बंद आने लगा, जिससे युवक परेशान हो गया। युवक अपनी प्रेमिका के घर धमतरी भी गया, जहां पता चला कि युवती 1 मार्च से अपने घर से सोने-चांदी के जेवर और नगद रुपये लेकर फरार है। युवक की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर युवती की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी नितिन तिवारी ने बताया कि युवती के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, साथ ही कॉल डिटेल भी निकलवाया गया है। साइबर सेल और मुखबिरों को भी एक्टिव किया गया है। युवती के परिजनों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।




